भागलपुर: स्कूल जा रही महिला लिपिक पर फायरिंग, बाल-बाल बचीं; बाइक सवार बदमाश फरार

बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कटहरा हाई स्कूल की एक महिला लिपिक पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी।

भागलपुर: स्कूल जा रही महिला लिपिक पर फायरिंग, बाल-बाल बचीं; बाइक सवार बदमाश फरार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कटहरा हाई स्कूल की एक महिला लिपिक पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि महिला बाल-बाल बच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना साधु बाबा स्थान के समीप हुई। पीड़िता रंजु कुमारी, जो कटहरा हाई स्कूल में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं, नारायणपुर गांव से टोटो में सवार होकर स्कूल जा रही थीं। उनका आरोप है कि रास्ते में दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने टोटो को रोककर उन पर दो राउंड फायरिंग की। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद रंजु कुमारी स्कूल पहुंचीं और शिक्षकों के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीडीओ संजीव कुमार, सांख्यिकी पदाधिकारी राकेश कुमार तथा सुल्तानगंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों की पहचान और फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।